शिवपुरी में गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
नमामि गंगे घाट पर हादसा, दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया युवक

शिवपूरी/टिहरी,16मई(दिलीप शर्मा): शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर शनिवार दोपहर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 24 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 16 मई 2026 को लगभग दोपहर 1:30 बजे थाना मुनिकीरेती के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट के पास पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया।
डूबने वाले युवक की पहचान वेद प्रकाश पुत्र गिरिराज, उम्र 24 वर्ष, निवासी चचियावास, अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी युवक राजस्थान की एक फैक्ट्री में कार्यरत थे और घूमने के उद्देश्य से ऋषिकेश क्षेत्र आए हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान वेद प्रकाश अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा के तेज बहाव के चलते वह देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की प्रशिक्षित डीप डाइविंग टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गंगा नदी के भीतर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर स्थानीय पुलिस और आपदा राहत बल के जवान भी मौजूद हैं। युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
SDRF की अपील
SDRF ने आमजन से अपील की है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज है। ऐसे में अनजान एवं गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी संकेतों का पालन करें। साथ ही बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने दें।










