उत्तराखंडऋषिकेशरेस्क्यूहादसा

साईं घाट में गंगा स्नान के दौरान बस कंडक्टर की डूबने से मौत

एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने 15 से 20 फीट गहराई में चलाया सर्च अभियान, शव बरामद

ऋषिकेश,16 मई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के साईं घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान एक 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की ढालवाला पोस्ट से डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर युवक का शव बरामद किया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे कोतवाली ऋषिकेश से SDRF को सूचना मिली कि साईं घाट के पास गंगा नदी में एक युवक नहाते समय डूब गया है। बताया गया कि युवक हरियाणा के पलवल से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश आए एक बस का कंडक्टर था। बस चालक और कंडक्टर दोनों गंगा में स्नान करने गए थे, इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में डूब गया।

 

सूचना पर SDRF ढालवाला की डीप डाइविंग टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। डीप डाइवर अनूप सिंह और ओम प्रकाश ने 15 से 20 फीट गहराई में उतरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद युवक का शव बरामद कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

मृतक की पहचान सोनू वर्मा पुत्र हरि चरण वर्मा, निवासी लाडो सराय, मालवीय नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।

सर्च एवं रेस्क्यू टीम में शामिल सदस्य:

एएसआई विजेंद्र कुड़ियाल, अर्जुन सिंह, ओम प्रकाश, किशोर कुमार, अनूप सिंह, रविंद्र सिंह एवं प्रदीप रावत।

SDRF की अपील:

एसडीआरएफ ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में अनजान एवं गहरे स्थानों पर स्नान न करें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें। साथ ही बच्चों को अकेले नदी के पास न जाने दें।

Related Articles

Back to top button