उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनिरीक्षण

जिलाधिकारी ने किया क्रॉप कटिंग का निरीक्षण, किसानों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

चोपड़ियाली के लवाधार गांव में गेहूं उत्पादन का लिया जायजा, पावर टिलर व फेंसिंग की मांग पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

चम्बा/टिहरी(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को विकासखंड चम्बा की ग्राम पंचायत चोपड़ियाली के राजस्व ग्राम लवाधार पहुंचकर फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग) का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा चयनित कास्तकार वृजमोहन बहुगुणा के खेत में गेहूं की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग संपादित किया गया।

 

प्रयोग के तहत 6×5 क्षेत्रफल में गेहूं की फसल काटकर उसका वजन किया गया, जिसमें 11 किलोग्राम गेहूं की बालियों का उत्पादन प्राप्त हुआ। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फसल उत्पादन के आंकड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेत के एक निश्चित हिस्से की फसल काटकर उसका वजन किया जाता है, जिसके आधार पर पूरे खेत की संभावित उपज का आकलन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इसी प्रक्रिया से जनपद एवं प्रदेश स्तर पर फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े तैयार किए जाते हैं, जो कृषि योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने खेतों की जुताई के लिए पावर टिलर उपलब्ध कराने तथा खेतों के चारों ओर फेंसिंग एवं तारबाड़ कराने की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को पावर टिलर उपलब्ध कराने और खेतों की फेंसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के कार्मिक एवं स्थानीय कास्तकार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button