आस्थाउत्तराखंड

माँ वाराही धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र: मुख्यमंत्री धामी

देवीधुरा पहुंच मुख्यमंत्री ने किया मंदिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण, कहा— आस्था और आधुनिक सुविधाओं का होगा समन्वय

देहरादून, (दिलीप शर्मा): पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों एवं मंदिर समिति से प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ वाराही धाम केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि धाम का विकास उसकी पौराणिक गरिमा एवं मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।

₹15 करोड़ की लागत से होगा भव्य निर्माण

जानकारी के अनुसार लगभग 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से माँ वाराही मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि मंदिर की स्थापत्य कला एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे।

मुख्यमंत्री को भेंट की गई “निपुण का संगीत” पुस्तक

निरीक्षण के दौरान जगदीश चंद्र गहतोड़ी ‘नवनीत’ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित निपुण भारत अभियान से संबंधित अपनी पुस्तक “निपुण का संगीत” मुख्यमंत्री को भेंट की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि  प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, माँ वाराही मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, समिति अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button