
देहरादून (दिलीप शर्मा): देहरादून जनपद के डाकपत्थर क्षेत्र स्थित शक्ति नहर में कूदकर लापता हुई महिला का शव SDRF टीम ने सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया। महिला ने अपने दो बच्चों के साथ नहर में छलांग लगाई थी, जिसमें स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि महिला तेज बहाव में बह गई थी।
जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को चौकी डाकपत्थर से SDRF को सूचना मिली कि पुल नंबर-01 के समीप एक महिला अपने दो बच्चों के साथ शक्ति नहर में कूद गई है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और नहर किनारे संभावित स्थानों पर गहन सर्च अभियान शुरू किया।
SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगातार महिला की तलाश जारी रखी। रविवार 17 मई को भी टीम द्वारा शक्ति नहर क्षेत्र में विभिन्न संभावित स्थानों पर विस्तृत सर्चिंग अभियान चलाया गया।
लगातार अथक प्रयासों और सूक्ष्म सर्चिंग के बाद SDRF टीम ने ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद कर लिया। मृतका की पहचान किरण पत्नी धीरज चंदेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम जाखन विनरहार, हाल निवासी मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है।
SDRF द्वारा शव को बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।










