
ऋषिकेश/श्यामपुर,17 मई(दिलीप शर्मा): डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने श्यामपुर क्षेत्र की खदरी ग्राम सभा में पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। इस हादसे में बोक्सा जनजाति के एक परिवार का घर जलकर खाक हो गया, जबकि परिवार के सदस्य मंगत सिंह की दर्दनाक मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर डॉ. अग्रवाल ने प्रभावित परिवार की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
डॉ. अग्रवाल ने दिवंगत मंगत सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवार को इस कठिन परिस्थिति से उबरने में सहायता मिल सके।










