
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): एस डी आर एफ उत्तराखंड की ढालवाला टीम द्वारा शिवपुरी क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। रविवार सुबह से SDRF की डीप डाइविंग टीम ने नमामि गंगे घाट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया।
टीम ने स्कूबा डाइविंग, राफ्ट और अन्य आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से शिवपुरी से लेकर विभिन्न संभावित स्थानों तक गंगा नदी में लगातार सर्चिंग की। साथ ही नदी के अलग-अलग हिस्सों में राफ्टिंग कर संभावित क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। SDRF के अनुसार सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार वेद प्रकाश (24) पुत्र गिरिराज, निवासी चचियाबास, थाना कोटकासिम, राजस्थान, 16 मई को दोपहर करीब 1:15 बजे शिवपुरी नमामि गंगे घाट से लगभग 200 मीटर दूरी पर गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।
घटना के बाद SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा हुआ है।
SDRF की पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील
SDRF ने आमजन एवं पर्यटकों से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज है। ऐसे में नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। साथ ही अनजान एवं गहरे क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।










