
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): त्रिवेणी घाट क्षेत्र में खोया हुआ कीमती सामान और नकदी खोजकर वास्तविक स्वामी को सुरक्षित लौटाते हुए ऋषिकेश पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली और ईमानदार छवि का परिचय दिया है। पुलिस की तत्परता से प्रभावित होकर मस्कट (ओमान) निवासी श्रद्धालु ने कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारधाम यात्रा पर आए दिनेश बेलजी पवानी पुत्र स्वर्गीय वेलजी अर्जन पवानी, निवासी भुज कच्छ गुजरात एवं वर्तमान निवासी मस्कट, ओमान का त्रिवेणी घाट क्षेत्र में दो सोने की अंगूठियाँ, तीन हीरे की अंगूठियाँ तथा ₹10,000 नकद राशि कहीं खो गई थी। सामान गुम होने की सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए त्रिवेणी घाट क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद खोया हुआ समस्त सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बरामद सामान को विधिवत सत्यापन के उपरांत उसके वास्तविक स्वामी दिनेश बेलजी पवानी को सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती सामान वापस मिलने पर श्रद्धालु अत्यंत भावुक नजर आए और उन्होंने ऋषिकेश पुलिस की ईमानदारी, तत्परता एवं जनसेवा भावना की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस का व्यवहार बेहद सहयोगपूर्ण और भरोसेमंद है, जिससे यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय ऋषिकेश पुलिस की इस कार्यवाही की स्थानीय लोगों और यात्रियों द्वारा भी सराहना की जा रही है।










