उत्तराखंडजनसुनवाईटिहरी गढ़वाल

जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं

पेयजल, मुआवजा और पेंशन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, वृद्धावस्था पेंशन समेत विभिन्न जनसमस्याएं शामिल रहीं।

जनता दरबार के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

कार्यक्रम में सदस्य क्षेत्र पंचायत बागी-खेमड़ा (सारजूला) गीता नेगी ने खेमड़ा-कुंडाली मोटर मार्ग के किलोमीटर 3 पर भगवानी देवी के मकान के समीप तथा मार्ग के अन्य हिस्से में क्षतिग्रस्त दीवार के सुरक्षात्मक कार्य की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, दिनेश चन्द्र (मास्टर) ने देवप्रयाग क्षेत्र के भरपूर, मुन्नाखाल, चमराड़ा देवी और गोर्ति काण्डा इंटर कॉलेजों में कॉमर्स फैकल्टी शुरू करने तथा गोर्ति काण्डा में जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को वाणिज्य संकाय के पद सृजन के लिए शासन से पत्राचार करने और पेयजल विभाग को क्षेत्र में सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम भटकंडा-लुणेटा के विस्थापितों ने वर्ष 2024 में भूमि रजिस्ट्री होने के बावजूद भुगतान न मिलने की समस्या उठाई। इस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।

इसी क्रम में विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम ताछला की बेमर तोक निवासी रीता देवी ने पेयजल और मार्ग व्यवस्था की मांग रखी। जिलाधिकारी ने जल निगम को तत्काल पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं, लघु सिंचाई गूल निर्माण तथा विद्युत पोल हटाने संबंधी शिकायतें एवं मांगपत्र भी प्राप्त हुए, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर वरुणा अग्रवाल, शैलेंद्र नेगी, कमलेश मेहता, डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button