आस्थाटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

पुरुषोत्तम मास में ऋषिकेश के श्री स्वामीनारायण आश्रम में 1151 श्रीविष्णुसहस्रनाम पारायण का भव्य आयोजन

51 वैदिक ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार से गूंजा गंगा तट, विश्वशांति एवं सुख-समृद्धि हेतु हुआ दिव्य अनुष्ठान

मुनिकरेती/टिहरी, (दिलीप शर्मा): देवभूमि उत्तराखंड की पावन तीर्थनगरी ऋषिकेश में पवित्र पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के शुभ अवसर पर मां गंगा के पावन तट स्थित श्री स्वामीनारायण आश्रम के गंगा आरती घाट पर सोमवार, 18 मई 2026 को एक भव्य एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान का दिव्य आयोजन संपन्न हुआ।

इस पुण्य अवसर पर 51 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ 1151 श्रीविष्णुसहस्रनाम पारायण का विराट आयोजन कराया गया। संपूर्ण वातावरण भगवान श्रीहरि विष्णु के दिव्य नामों एवं वैदिक स्वरों से भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।

यह भव्य धार्मिक आयोजन श्री स्वामीनारायण आश्रम ऋषिकेश के तत्वावधान में तथा आश्रम अध्यक्ष पूज्य श्री सुनील भगत जी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। अनुष्ठान में विशेष सहयोग गुजरात के सावरकुंडला से पधारी सांख्ययोगी माता चंपाबेन, उनकी शिष्या सांख्ययोगी माता जयश्रीबेन एवं समस्त हरिभक्तों का प्राप्त हुआ।

अनुष्ठान की समस्त व्यवस्थाएं “यज्ञसेवा वैदिक टीम” के आचार्य अंकित भारद्वाज, आचार्य प्रशांत शर्मा एवं उनकी वैदिक टीम द्वारा अत्यंत श्रद्धा, शास्त्रोक्त परंपरा एवं वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराई गईं।

कार्यक्रम समस्त यजमान परिवारों की सुख-समृद्धि, मंगलकामना, आध्यात्मिक उन्नति एवं विश्वशांति हेतु समर्पित रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों में गहन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

इस पावन अवसर पर आचार्य श्री प्रसन्न जी सहित आश्रम के संत-महात्मा, विद्वान ब्राह्मणगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Related Articles

Back to top button