24 मई तक पोर्टल पर अपलोड होगा डाटा, जनगणना कार्यों में तेजी के निर्देश
एडीएम ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, सभी भवनों की शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करने पर जोर

टिहरी गढ़वाल (दिलीप शर्मा): एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में सोमवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में चल रहे जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि न आने देने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने बताया कि 24 मई तक ही पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जाएगी, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें। उन्होंने निर्देशित किया कि मंगलवार तक समस्त फील्ड वर्क पूरा कर लिया जाए, जिसके बाद ऑपरेटर प्रत्येक डाटा की गहन जांच सुनिश्चित करें।
बैठक में इन्यूमेरेटरों को निर्देश दिए गए कि फील्ड वर्क के दौरान विशेष रूप से सभी होटल एवं रिजॉर्ट में भवन गणना करते समय छोटी वीडियो भी बनाई जाए, ताकि कार्य की पुष्टि एवं रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि बालगंगा, कीर्तिनगर, प्रतापनगर, टिहरी नगर पालिका, जाखनीधर, कंडीसौड़, धनोल्टी, नैनबाग, नरेंद्रनगर एवं तहसील गजा क्षेत्रों में मंगलवार तक जनगणना कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी भवनों की गणना शत-प्रतिशत पूरी होनी चाहिए तथा कोई भी भवन छूटने न पाए। जिन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां सुपरवाइजरों को तत्काल चेकिंग कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) एवं तहसीलदार मौजूद रहे।










