
ऋषिकेश/देहरादून (दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने प्रगतिपुरम कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की ज्वैलरी एवं एक अपाचे RR310 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रिय जांच के चलते घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को प्रगतिपुरम कॉलोनी निवासी राजेश चन्द्र रमोला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, ज्वैलरी और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
18 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक लाल रंग की अपाचे RR310 बाइक पर लक्कड़घाट क्षेत्र में घूम रहे हैं और चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर लक्कड़घाट हनुमान मंदिर के पास दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टीम की सतर्कता के चलते उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने प्रगतिपुरम क्षेत्र में बंद मकान में चोरी करना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
प्रवीण सिंह पुत्र सुखराम सिंह निवासी सराय रोड, मैदा मिल के पास, सीतापुर, ज्वालापुर हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष
संजय कुमार उर्फ संजू पुत्र गुलशन कुमार निवासी पेट्रोल पंप के पास, वाल्मीकि बस्ती, ज्वालापुर हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने एवं चांदी जैसे आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें गले का हार, चैन, मांग टीका, झुमके, टॉप्स, पायजेब और बिछुए शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक लाल रंग की Apache RR310 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांo 568 अनुयाग तोमर एवं कांo 05 तेज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश पुलिस की मुस्तैदी, पेशेवर जांच और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।










