उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

वित्तीय साक्षरता, स्वरोजगार एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

टिहरी गढ़वाल,19 मई(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में वित्तीय समावेशन, वित्तीय साक्षरता एवं विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में लीड बैंक मैनेजर मनीष मिश्रा ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में संचालित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्रिसिल फाउंडेशन के साथ हुए समझौते के तहत प्रारंभिक चरण में विकासखंड थौलधार, प्रतापनगर एवं देवप्रयाग में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। मार्च 2026 तिमाही में आयोजित 368 फाइनेंशियल लिटरेसी कैंपों में कुल 7106 लोगों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में वार्षिक ऋण योजना (एसीपी) के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत निर्धारित 650 ऋण लक्ष्यों के सापेक्ष 755 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया, जो लक्ष्य से अधिक रहा। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने योजना के अंतर्गत निरस्त हुए 203 आवेदनों का रिजेक्शन ऑडिट कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण अवस्थापना एवं स्वयं सहायता समूहों की बैंक लिंकिंग सहायता योजना के अंतर्गत निर्धारित 1520 लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा वर्ष 2025-26 में आयोजित 15 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 389 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें से 321 प्रशिक्षार्थियों ने स्वरोजगार शुरू किया, जिनमें 239 ने बैंक ऋण की सहायता से तथा 82 ने स्वयं के संसाधनों से रोजगार स्थापित किया।

बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आरबीआई से रजनीश सैनी, यूजीबी ब्रांच मैनेजर अनिल कुमार, डीसीबी के डीजीएम चिराग बिष्ट, एक्सिस बैंक से प्रदीप तिवारी, बंधन बैंक से आशुतोष बथवाल, यूको बैंक से साक्षी राणा, नैनीताल बैंक से सिद्धार्थ शर्मा, इंडियन बैंक से एस.एस. राणा, पर्यटन अधिकारी एस.एस. राणा, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button