ईंधन बचत की मिसाल: टिहरी प्रशासन ने बस से किया सामूहिक सफर
वैश्विक ईंधन संकट की आशंका के बीच प्रशासन की अनूठी पहल, अधिकारियों ने दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

टिहरी गढ़वाल,19 मई(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में टिहरी जिला प्रशासन ने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेरणादायक पहल की। बीडीसी नरेंद्रनगर (फकोट) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों ने अलग-अलग वाहनों के बजाय बस से सामूहिक यात्रा कर ईंधन बचत का संदेश दिया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य इजरायल-ईरान युद्ध के बाद उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों और संभावित ईंधन संकट को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करना तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री की अपील के क्रम में सरकारी कार्यों के संचालन में साझा यात्रा (कार पूलिंग) और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

इस दौरान एक बस नई टिहरी मुख्यालय से फकोट के लिए रवाना हुई, जबकि दूसरी बस नरेंद्रनगर से फकोट पहुंची। सामूहिक यात्रा में जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
यात्रा में सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एआरटीओ सतेंद्र राज, डीपीओ संजय गौरव, श्रम अधिकारी आयशा खान, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, जिला सूचना अधिकारी द्रवनीता शर्मा, डीटीडीओ सोबत राणा, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारी प्रशांत भारद्वाज और के.एन. सेमवाल, खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, डीपीआरओ एम.एम. खान, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना डंगवाल तथा मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डी.के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










