शराब पीकर वाहन चला रहा चालक गिरफ्तार, कार सीज
चारधाम यात्रा मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान जारी, 16 वाहनों के चालान

टिहरी गढ़वाल, (दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद टिहरी के सभी यात्रा मार्गों पर परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर फकोट क्षेत्र के पास चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज किया गया।

जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग की टीम फकोट के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही एक कार संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोका गया। चालक की ऐल्कोमीटर से जांच किए जाने पर उसके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद वाहन को जाजल पुलिस चौकी में सीज कर चालक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 16 अन्य वाहनों के भी चालान किए गए।
चेकिंग अभियान में सहायक परिवहन निरीक्षक अनंत राम एवं अर्जुन के साथ परिवहन आरक्षी विपिन और रोहन मौजूद रहे।










