जौनपुर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टला
पायलट की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित, प्रशासन ने यात्रियों को देहरादून भेजा

टिहरी गढ़वाल,20 मई(दिलीप शर्मा):चारधाम यात्रा रूट पर संचालित एक हेलीकॉप्टर को बुधवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के जौनपुर क्षेत्र में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि घटना में पायलट सहित सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने ट्रांस एविएशन कंपनी के सीईओ सिद्धार्थ तथा कंपनी प्रतिनिधि सुधीर गुलाटी से वार्ता कर घटना की जानकारी ली। बताया गया कि हेलीकॉप्टर जौनपुर क्षेत्र के नवागांव-सत्यों के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज हवा और अधिक प्रेशर की स्थिति बनने पर पायलट ने एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर हाई टेंशन लाइन के समीप पहुंच गया था, लेकिन पायलट ने संयम और दक्षता का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित उतार लिया। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को टैक्सी वाहनों के माध्यम से सुरक्षित देहरादून रवाना कर दिया। प्रशासन लगातार ट्रांस एविएशन कंपनी के संपर्क में है।
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि हेलीकॉप्टर के तकनीकी निरीक्षण और रखरखाव के लिए कंपनी की मेंटेनेंस टीम को मौके पर बुलाया गया है।










