उत्तराखंडऋषिकेश

नमामि गंगे घाट में डूबे युवक का शव बरामद

चार दिन बाद संयुक्त सर्च अभियान को मिली सफलता, गरुड़ चट्टी पुल के पास मिला शव

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): चौकी शिवपुरी क्षेत्रांतर्गत नमामि गंगे घाट में गंगा नदी में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बरामद कर लिया गया। युवक की तलाश में एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल द्वारा लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को नमामि गंगे घाट के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया था। घटना के बाद से ही राहत एवं बचाव दलों द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा था। अभियान के दौरान स्कूबा डाइविंग, राफ्ट तथा आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से गंगा नदी में व्यापक स्तर पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

आज बुधवार को सर्चिंग के दौरान 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल को गरुड़ चट्टी पुल के समीप गंगा नदी में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला गया।

बरामद शव की पहचान वेद प्रकाश पुत्र गिरिराज, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी चचियाबास, थाना कोटकासिम, राजस्थान के रूप में हुई। बताया गया कि युवक नमामि गंगे घाट क्षेत्र में स्नान करते समय पैर फिसलने के कारण गंगा की तेज धारा में बह गया था।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, कई दिनों तक चले इस संयुक्त अभियान में एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं पीएसी आपदा राहत दल ने समन्वय और तत्परता के साथ अभियान को अंजाम दिया।

Related Articles

Back to top button