जाजल क्षेत्र में लगा होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर, 56 मरीजों का हुआ परीक्षण
महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, ग्रामीणों को योग व स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

टिहरी गढ़वाल,21 मई(दिलीप शर्मा): नरेंद्रनगर तहसील अंतर्गत जाजल क्षेत्र की ग्राम सभा ओडाड़ा में बुधवार को होम्योपैथी विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य शिविर का संचालन जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. बेला महार शाह, डॉ. डिंपल रावत एवं फार्मेसी अधिकारी महेश बडोनी द्वारा किया गया। प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले शिविर में कुल 56 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल रहीं। मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक होम्योपैथिक औषधियों का वितरण भी किया गया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को योग, स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली एवं नियमित दवा सेवन के महत्व की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम में बुद्धी प्रकाश, श्वेता नेगी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।










