उत्तराखंडरेस्क्यूहरिद्वार

हरिद्वार में एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन: गंगा में बह रहे तीन युवकों की बचाई जान, घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल

अलग-अलग घटनाओं में एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, स्थानीय लोगों ने की सराहना

हरिद्वार, 24 मई(दिलीप शर्मा): हरिद्वार क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों का सकुशल रेस्क्यू किया, जबकि एक घायल युवक को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की।

 

गंगा में बह रहे युवक को बचाया

पहली घटना में अंशुल (25 वर्ष), निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश, गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। सूचना मिलते ही हाथी पुल पर तैनात एसडीआरएफ बहादराबाद टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

जंजीरों के सहारे युवक ने बचाई जान

दूसरी घटना में सुमित पुत्र मोहन सिंह (22 वर्ष), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश, स्नान के दौरान गंगा के तेज बहाव में बह गया। बहते हुए युवक ने हाथी पुल के नीचे लगी जंजीरों को पकड़ लिया और मदद का इंतजार करने लगा। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक तक पहुंच बनाई और सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

 

तीसरे युवक को भी सुरक्षित निकाला

तीसरी घटना में शत्रुघ्न निवास पुत्र संतोष कुमार, निवासी देहरादून, गंगा नदी में स्नान करते समय तेज बहाव में बहकर हाथी पुल के नीचे जंजीरों में फंस गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मनसा देवी पैदल मार्ग पर घायल युवक को स्ट्रेचर से पहुंचाया नीचे

इसी क्रम में चौथी घटना मनसा देवी पैदल मार्ग पर सामने आई, जहां बादल (23 वर्ष), निवासी तोफिरपुर, जिला मुजफ्फरनगर, अचानक चक्कर खाकर गिर गया। हादसे में युवक के सिर और रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित पैदल मार्ग से नीचे लाकर हरिद्वार कोतवाली के पास पहुंचाया। इसके बाद युवक को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

एसडीआरएफ टीम के सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू अभियान में एचसी कपिल कुमार, कांस्टेबल सागर कुमार, कांस्टेबल गुड्डू कुमार, होमगार्ड अभिषेक, होमगार्ड शरद, होमगार्ड राजेश, कांस्टेबल प्रकाश मेहता तथा टीम कमांडर आशीष त्यागी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button