भीषण गर्मी में भी मुस्तैद टिहरी पुलिस, अधिकारियों ने सड़क पर उतर बढ़ाया जवानों का हौसला
चारधाम यात्रा और वीकेंड ट्रैफिक के दबाव के बीच मुनिकीरेती में पुलिस का सराहनीय प्रबंधन, एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी खुद संभालते दिखे मोर्चा

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): मुनिकीरेती क्षेत्र में चारधाम यात्रा एवं वीकेंड के चलते श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच टिहरी पुलिस ने जिस तत्परता और समर्पण के साथ यातायात व्यवस्था को संभाला, वह आमजन के लिए राहत भरा साबित हो रहा है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बावजूद पुलिस जवान पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर श्री सुरेंद्र भंडारी स्वयं मैदान में उतरे और मुनिकीरेती क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक संचालन की कमान संभाली और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर यातायात को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस दौरान एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने भीषण गर्मी में लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रिफ्रेशमेंट वितरित किए। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जवानों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना पुलिस विभाग की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है। जवानों ने भी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सहायता करते हुए व्यवस्था को नियंत्रित रखा।

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी मुस्तैदी, संयम और विनम्रता के साथ यात्रियों की सहायता करें तथा यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारू बनाए रखें।

टिहरी पुलिस द्वारा मुनिकीरेती क्षेत्र में लगातार प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों की स्थानीय लोगों एवं यात्रियों द्वारा भी सराहना की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।










