उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

गंगा दशहरा पर हादसा: गंगा में डूबे दिल्ली के युवक को SDRF ने स्कूबा डाइविंग से निकाला

सच्चा धाम घाट पर स्नान के दौरान तेज बहाव में बहा युवक, CPR के बावजूद नहीं बच सकी जान

ऋषिकेश, 25 मई(दिलीप शर्मा): गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर ऋषिकेश के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र विभिन्न घाटों पर SDRF, जल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएससी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सतर्क निगरानी की जा रही थी। टीमों द्वारा मोटर बोट, राफ्ट एवं घाटों पर तैनात जवानों के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही थी।

 

इसी बीच थाना मुनिकीरेती क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण झूला तपोवन स्थित सच्चा धाम घाट पर स्नान के दौरान एक युवक गंगा में डूब गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली से छह लोगों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। घाट पर मौजूद जल पुलिस और SDRF जवान श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में न जाने और तैरने का प्रयास न करने के लिए सचेत कर रहे थे। चेतावनी संकेत लगे होने के बावजूद समूह के एक युवक ने गंगा के गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।

सूचना मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। SDRF के डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने स्कूबा डाइविंग के माध्यम से युवक को करीब 10 से 15 फीट गहराई से बाहर निकाला। बाहर निकालने पर युवक अचेत अवस्था में था, जिसके बाद SDRF जवानों ने मौके पर ही उसे CPR दिया। काफी प्रयासों के बावजूद युवक को होश नहीं आया। इसके बाद उसे जिला पुलिस के सुपुर्द कर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया।

मृतक की पहचान चंदन यादव (21 वर्ष) पुत्र राम अवतार निवासी सेक्टर-63, जितेंद्र कॉलोनी, नोएडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

गंगा दशहरा पर्व के दौरान SDRF ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें तथा गंगा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी को देखते हुए सुरक्षा नियमों का पालन अवश्य करें।

SDRF सर्च एंड रेस्क्यू टीम

  • एएसआई रवि रावत
  • हेड कांस्टेबल दरमान सिंह
  • हेड कांस्टेबल किशोर कुमार
  • कांस्टेबल अनूप रावत
  • हेड कांस्टेबल सुभाष ध्यानी (जल पुलिस)

Related Articles

Back to top button