जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं
पेयजल, मुआवजा, अतिक्रमण और राशन कार्ड मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

नई टिहरी,25 मई(दिलीप शर्मा): जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में कुल 41 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा शेष शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को भू-कानून के अनुपालन को लेकर पुनः विशेष अभियान चलाने तथा बिजली चोरी की रोकथाम के लिए नियमित जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं सभी उप जिलाधिकारियों को वन भूमि एवं सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अतिक्रमण वाले स्थलों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को राशन कार्ड सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन गंभीरता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
जनता दरबार में तहसील प्रतापनगर के ग्राम ओखला निवासी तन्नु ने वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद नन्दा गौरा योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने डीपीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील जाखणीधार के ग्राम गराकोट लामरीधार निवासी जगदीश सिंह पंवार ने कोटी-गराकोट मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान बिना मुआवजा दिए खेत काटे जाने की शिकायत की। इस पर ईई लोनिवि बौराड़ी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार ग्राम घुड़साल के प्रताप सिंह, नरेन्द्र सिंह, मंगल सिंह, सुनीता देवी एवं सुशील सिंह ने सौंग बांध परियोजना में अधिग्रहित भूमि का पूर्ण मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि पूरी भूमि का मुआवजा मिलने तक वे आंशिक भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे। इस पर एसएलओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील नरेंद्रनगर के ग्राम आर्स निवासी ज्ञानदेई ने पेयजल लाइन ठीक कराने एवं सरकारी राशन उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं तहसील टिहरी के ग्राम ग्वाड़ नागदेव पथल्ड निवासी सोबत सिंह चौहान ने बहेड़ा-नकोट मोटर मार्ग पर नारदाने से उनकी तीन नाली सिंचित भूमि क्षतिग्रस्त होने तथा अब तक कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने फसल मुआवजा एवं भूमि सुधार की मांग भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन विभाग और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










