
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान यातायात पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिना हेलमेट एवं बिना ड्राइविंग लाइसेंस के कभी भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, जिनका पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वाहन चलाते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। साथ ही उन्होंने कहा कि लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर चलाए जाने वाले जागरूकता अभियान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इन नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यातायात उप निरीक्षक जयराम राय ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर स्कूटी, बाइक अथवा कार नहीं चलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल स्वयं की जान के लिए खतरा है, बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा को भी जोखिम में डालता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और हमेशा नियंत्रित गति में वाहन संचालन करने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, यातायात आरक्षी अजय चौधरी, शिव प्रसाद बहुगुणा, जयकृत सिंह रावत, रंजन अंथवाल, विकास नेगी, प्रवीण रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










