
ऋषिकेश,26 मई(दिलीप शर्मा): मीरा नगर स्थित माहेश्वरी गार्डन में ओम् ब्रह्म शान्ति सेवा संस्थान के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, आंगनबाड़ी शिशु वस्त्र वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विख्यात चिकित्सक डॉ. डी.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विनय कुड़ियाल, डॉ. राणा एवं सुंदरी कंडवाल ने सहभागिता की।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुसुम कंडवाल ने कहा कि मातृशक्ति और वंचित बच्चों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने संस्था के संस्थापक एवं कार्यक्रम आयोजक डीसी श्रीवास्तव तथा संस्था के वरिष्ठ सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बच्चों को वस्त्र, बिस्कुट, चॉकलेट, पेंसिल बॉक्स एवं अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

महिलाओं के लिए आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की सेवाभावी पहल समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शशि राणा, शोभा कोठियाल, भावना, चंद्रकांता, विमला सजवाण, रेखा, आशा रावत, उषा लखेड़ा, राजेश्वरी सेमवाल, प्रेमबाला और मधु सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में संस्था के संस्थापक डीसी श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान हेतु इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।











