उत्तराखंडऋषिकेशशुभारंभ

राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने किया सात दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र में विद्यार्थियों को स्थानीय बोली, भाषा और संस्कारों से जोड़ने पर दिया गया जोर

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पार्षद मुस्कान, पूर्व पार्षद सुंदरी कांडपाल, अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, प्रधानाचार्य अनिल भट्ट एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कुसुम कंडवाल ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों का मनोबल प्राइवेट स्कूलों में आयोजित समर कैंपों के कारण कम न हो। इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में भाषाई समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय बोली, भाषा एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।

पार्षद मुस्कान ने कहा कि समर कैंप बच्चों में झिझक और संकोच को दूर कर भाईचारे एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। वहीं पूर्व पार्षद सुंदरी कांडपाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संस्कारों का आदान-प्रदान होता है।

अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए अपनी मातृभाषा और स्थानीय बोली का ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपनी भाषा और संस्कृति को नहीं समझेंगे, तब तक आपसी समझ और संवाद मजबूत नहीं हो सकता।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं पर्यावरणविद् वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले गरीब एवं मजदूर वर्ग के बच्चों को समर कैंप की जानकारी तक नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब सरकारी विद्यालयों के माध्यम से उन्हें भी इस प्रकार की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह समर कैंप केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति और भाषाई विरासत से जोड़ने का माध्यम भी बन रहे हैं।

प्रधानाचार्य अनिल भट्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रेखा पंवार, सुनीता पंवार, आभा भट्ट, शकुंतला नैथानी, रेखा बिष्ट, दिवाकर नैथानी, ऋषिराम उनियाल, शिवम बडोला, गौरी, कशिश, पीयूष, सुमित, सिमरन, श्री मानी एवं चांदनी सहित अनेक शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस नगर समन्वयक मनोज गुप्ता ने किया।

Related Articles

Back to top button