उत्तराखंडटिहरी गढ़वालदुर्घटनारेस्क्यू

गहरी खाई में गिरे ट्रक चालक को SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

अंधेरे और दुर्गम हालात में SDRF का साहसिक अभियान, घायल चालक को खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया

टिहरी गढ़वाल, (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड पुलिस की एसडीआरएफ टीम ने एक बार फिर अपने साहस, तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए देर रात्रि गहरी खाई में गिरे ट्रक चालक का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का कुशलता से उपयोग करते हुए घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मई 2026 को पुलिस चौकी बचेलीखाल, थाना देवप्रयाग जनपद टिहरी गढ़वाल से एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी को सूचना मिली कि महादेव चट्टी से आगे डंपिंग जोन के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

 

घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 120 से 125 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ था। दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक सवार था, जो गंभीर रूप से घायल अवस्था में खाई में फंसा हुआ था। बताया गया कि ट्रक ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहा था।

रात्रि के अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन एसडीआरएफ टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रोप तकनीक के माध्यम से घायल चालक तक पहुंच बनाई। टीम ने मौके पर ही घायल को प्राथमिक उपचार दिया और फिर स्ट्रेचर एवं रस्सियों की सहायता से सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।

इसके बाद घायल चालक को जिला पुलिस के सुपुर्द कर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। घायल की पहचान अजय छेत्री पुत्र श्री राम सिंह निवासी छिद्रवाला, देहरादून के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UK 14 CA 6541 बताया गया है।

एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। विषम परिस्थितियों में लगातार जीवन बचाने के लिए एसडीआरएफ की टीम एक बार फिर लोगों के लिए उम्मीद और भरोसे का प्रतीक बनकर सामने आई है।

Related Articles

Back to top button