
ऋषिकेश/लक्ष्मण झूला,28 मई(दिलीप शर्मा):थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक महिला और एक पुरुष के बह जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लगभग 1:50 बजे मेरठ से आए छह लोगों का एक समूह सिंगटाली पुल क्षेत्र में घूमने पहुंचा था। इसी दौरान समूह के सदस्य गंगा नदी में स्नान करने के लिए उतरे। स्नान करते समय एक महिला और एक पुरुष अचानक संतुलन खो बैठे और तेज बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला एवं ब्यासी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ के डीप डाइवर द्वारा नदी की गहराइयों में गहन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों लापता व्यक्तियों का कोई पता नहीं चल सका था।
डूबने वाले व्यक्तियों की पहचान ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी मेरठ तथा नरेश उपाध्याय (उम्र लगभग 42 वर्ष), निवासी पोस्ट ऑफिस जागेठी गांव, थाना काकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है।
साथ आए लोगों ने बताया कि सभी व्यक्ति मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत हैं और अवकाश होने के कारण ऋषिकेश घूमने आए थे।
SDRF की अपील : प्रतिबंधित घाटों पर स्नान से बचें
एसडीआरएफ ने जनमानस से अपील करते हुए कहा है कि गंगा नदी में बिना अनुमति अथवा प्रतिबंधित घाटों पर स्नान न करें। नदी में उतरते समय किनारे के पास ही रहें तथा अनावश्यक रूप से तैरने का प्रयास न करें। एसडीआरएफ ने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।









