उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में सेवा पखवाड़ा: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने 20 हजार लोगों की मौजूदगी में लाभार्थियों को किया सम्मानित

बहुउद्देशीय शिविर में तीन जनपदों के 1200 से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 1009 मरीजों की स्वास्थ्य जांच, स्वयं सहायता समूहों को ₹5-5 लाख का पुरस्कार

ऋषिकेश,4 जुलाई (दिलीप शर्मा): राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को उनके सफलतम पांच वर्ष के कार्यकाल पर शुभकामनाएं दीं।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपद के विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कीं। “इंटीग्रेटेड एफर्ट” (एकीकृत प्रयास) के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ भी प्रदान किया गया। इससे लोगों को एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं सुलभ हुईं।

विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी रोगियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे तथा 70 रक्त जांचें भी की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया, जबकि 23 दिव्यांगजनों के विकलांग प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी किए गए।

समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन के 75 मामलों को मौके पर स्वीकृति प्रदान की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। इसके अतिरिक्त 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन एवं लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1200 से अधिक लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक समूह को पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी जनपद के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया। इन युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार प्राप्त हुआ है, जिसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया।

इसके अलावा मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button