थत्यूड़ में बहुविभागीय जनसेवा शिविर, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी और लाभ
'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, महिलाओं को पोषण किट और नौ लाभार्थियों को ₹35-35 हजार के चेक वितरित

नई टिहरी, 5 जुलाई(दिलीप शर्मा): प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासखंड जौनपुर के थत्यूड़ ब्लॉक सभागार में रविवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुविभागीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने किया। विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और सरकार पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित कई विभागों ने भाग लिया। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम-स्टे योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी भी दी।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी नवीन रावत ने विभाग की पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्रता पूरी करने पर अब पति-पत्नी दोनों अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन के पात्र हैं। स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं को ₹1400 की सहायता राशि के साथ सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायक कृषि अधिकारी सूरज देव ने बताया कि किसानों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है तथा रबी और खरीफ योजनाओं के तहत अब तक 650 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई।
शिविर के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी पोषण किट वितरित की गई। वहीं ग्राम उत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर श्रेणी की नौ महिलाओं को ₹35-35 हजार के चेक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, एडीओ डी.पी. चमोली, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, खेमराज भट्ट, हरभजन सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









