ऋषिकेश में बेटे ने मां को मारी गोली, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती
घरेलू कहासुनी के बाद 12 बोर के तमंचे से किया फायर, आरोपी पुलिस हिरासत में

ऋषिकेश, 6 जुलाई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में 5 जुलाई रविवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गली नंबर-3, ए ब्लॉक स्थित मंदिर के पास एक युवक ने कथित रूप से अपनी ही मां पर 12 बोर के तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश को घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि 32 वर्षीय सुमित गौड़ का अपनी 63 वर्षीय मां उषा देवी गौड़ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली महिला के माथे पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आरोपी सुमित गौड़ स्वयं अपनी घायल मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी सुमित गौड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता के बड़े पुत्र अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, की तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।









