उत्तराखंडऋषिकेशरेस्क्यू

त्रिवेणी घाट पर डूब रहे युवक की एसडीआरएफ ने बचाई जान, लापता युवकों की तलाश जारी

सिंगटाली और सिरसू पुल क्षेत्र में राफ्ट व आधुनिक उपकरणों से चल रहा सघन सर्च अभियान, श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

ऋषिकेश, 06 जुलाई(दिलीप शर्मा): उत्तराखण्ड एसडीआरएफ का गंगा नदी में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सर्च अभियान सोमवार को भी लगातार जारी रहा। टीम ने कुछ दिन पूर्व सिंगटाली पुल के पास गंगा में डूबे दो युवकों तथा 5 जुलाई को सिरसू पुल के पास गंगा में डूबे मेरठ निवासी सार्थक की खोज के लिए राफ्ट एवं आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की मदद से घटना स्थल से डाउनस्ट्रीम तक सभी संभावित स्थानों पर व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। हालांकि, गहन प्रयासों के बावजूद अभी तक किसी भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ का अभियान निरंतर जारी है।

इसी दौरान त्रिवेणी घाट पर तैनाती के समय एक युवक स्नान करते हुए अचानक संतुलन खो बैठा और गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ, आपदा राहत दल और जल पुलिस के जवानों ने तत्काल त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान नमित कुमार (25 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम मलपुर नगर, थाना छजलैट, तहसील कांठ, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। समय रहते किए गए रेस्क्यू से युवक की जान बच गई।

एसडीआरएफ उत्तराखण्ड ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Related Articles

Back to top button