उत्तराखंडटिहरी गढ़वालपुलिस बुलेटिनमुनि की रेती

ऑपरेशन प्रहार: हत्या के प्रयास का वांछित आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती पुलिस की कार्रवाई, चार माह से फरार चल रहा आरोपी दबोचा

मुनिकीरेती/टिहरी, 6 जुलाई(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मुनि की रेती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम निवासी प्रसन पंवार ने थाना मुनि की रेती में तहरीर देकर बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।

इस मामले में थाना मुनि की रेती में मुकदमा संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115, 118(2) और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 109(1) बीएनएस भी बढ़ाई गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी।

सोमवार सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बहादराबाद, जनपद हरिद्वार से आरोपी मोहित (32 वर्ष) पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम सज्जनपुर पीली, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बरामदगी:

  • घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:

  • उपनिरीक्षक प्रवीन रावत
  • हेड कांस्टेबल भीम दत्त
  • कांस्टेबल पंकज तोमर

Related Articles

Back to top button