उत्तराखंडजनकल्याण शिविरटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत नरेंद्रनगर में लगा बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर, 160 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया शुभारंभ, विभिन्न विभागों की योजनाओं की दी जानकारी, पात्र महिलाओं को वितरित की गई महालक्ष्मी किट

नई टिहरी/नरेंद्रनगर,7 जुलाई(दिलीप शर्मा): प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत मंगलवार को टिहरी जनपद के विकासखंड नरेंद्रनगर (फकोट) में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को एक ही स्थान पर आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में 160 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और कई लाभार्थियों ने योजनाओं के लिए पंजीकरण भी कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार, विधानसभा क्षेत्र नरेंद्रनगर की समन्वयक गीता रावत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं, योजनाएं और आवेदन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरल एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से संचालित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पात्र लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी लोगों को दी। कई लोगों ने मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया तथा अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आमजन से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिक सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से स्थानीय नागरिकों ने इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया। आयोजन के दौरान विभागीय समन्वय, जनसहभागिता और योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button