उत्तराखंडटिहरी गढ़वालतहसील दिवस

नैनबाग तहसील दिवस में उमड़ी जनसमस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

170 शिकायतों और मांगों पर हुई सुनवाई, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समेत विभिन्न मुद्दों पर विभागों को कार्रवाई के निर्देश; तहसील भवन का भी किया निरीक्षण

नई टिहरी,7 जुलाई(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में राजकीय महाविद्यालय, नैनबाग में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों पर विस्तार से सुनवाई की गई। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

तहसील दिवस के दौरान स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, खेल, पुलिस चौकी के उच्चीकरण, अग्निशमन सेवा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी कुल 170 शिकायतें एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सदस्य जिला पंचायत जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग को उपजिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। साथ ही विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण और लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम मोगी और पाब की पेयजल योजना के संबंध में जानकारी दी गई कि स्थानीय सहयोग के अभाव में हंस फाउंडेशन द्वारा कार्य नहीं हो सका। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को नया प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा उसे डीडब्ल्यूएसएम की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वार्ड-15 के जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह द्वारा जल निकासी की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाकर नालियों की सफाई कराने तथा एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं थराडा क्षेत्र में सेब के बाग के समीप जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

ग्राम पंचायत नैनगांव जौनपुर के प्रधान विक्रम सिंह चौहान द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त कनोगी तौक, बडरी तौक एवं गूल के पुनर्निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह तोमर ने क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर कूड़ा संग्रहण वाहन और रीसाइक्लिंग प्लांट की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

ग्राम भटवाड़ी के पूर्व सैनिक सुनील सेमवाल ने क्षेत्र को पर्यटन एवं धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। जिलाधिकारी ने विकासखंड अधिकारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

खुशीराम नौटियाल ने विद्यालय के लिए भूमि दान किए जाने के बावजूद लंबे समय से नियुक्ति न होने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने प्रसिद्ध निशानेबाज एवं खेल व्यक्तित्व स्वर्गीय जसपाल राणा की प्रतिमा स्थापित करने तथा द्रोणाचार्य द्वार के निर्माण की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी को संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रधान संगठन की ओर से नैनबाग पुलिस चौकी को उच्चीकृत करने, शरदोत्सव के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बढ़ते मकान किरायों के नियमन की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों ने एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की एक-एक यूनिट स्थापित करने की मांग भी उठाई।

लखवाड़ बांध प्रभावितों ने भूमि गणना एवं आकलन सूची उपलब्ध न होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यालय को सभी प्रभावित परिवारों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

तहसील दिवस के समापन के बाद जिलाधिकारी ने तहसील भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

Related Articles

Back to top button