कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच टिहरी की कप्तान खुद सड़क पर उतरीं, एसएसपी श्वेता चौबे ने संभाली यातायात की कमान
कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच टिहरी की कप्तान खुद सड़क पर उतरीं, एसएसपी श्वेता चौबे ने संभाली यातायात की कमान

टिहरी गढ़वाल, 08 अगस्त(दिलीप शर्मा): कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी गढ़वाल में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और जाम वाले स्थानों पर स्वयं पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनिकीरेती, ब्रह्मानंद मोड़, खारा स्रोत, भद्रकाली सहित आसपास के प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं और वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण यातायात का दबाव बढ़ा, वहां उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यातायात व्यवस्था को तत्काल सामान्य कराया।
ढालवाला से गरुड़चट्टी तक कांवड़ियों के लिए प्रभावी रूट व्यवस्था
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए टिहरी पुलिस ने कांवड़ियों की आवाजाही के लिए निर्धारित रूट व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराया। एसएसपी ने ढालवाला, भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ होते हुए तपोवन और गरुड़चट्टी के रास्ते नीलकंठ जाने वाले कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टिहरी पुलिस द्वारा पौड़ी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया। दोनों जनपदों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से कांवड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि दोनों क्षेत्रों में यातायात का अनावश्यक दबाव न बढ़े और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध हो सके।
जाम की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश
एसएसपी श्वेता चौबे ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात दबाव, जाम अथवा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर टिहरी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी पुलिस द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।
टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
टिहरी पुलिस का संदेश
“श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी—टिहरी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।”
टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि वे निश्चिंत होकर अपनी कांवड़ यात्रा करें। उनकी सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए पुलिस हर कदम पर उनके साथ है।




