
ढालवाला/ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना एवं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना में पुष्पा बडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ढालवाला ऋषिकेश के छह छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। छात्रों के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय बडोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना के अंतर्गत अंडर-14 आयु वर्ग में विद्यालय के तीन छात्रों अमन नेगी, मधुर एवं आदेश रावत का चयन हुआ है। वहीं, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के अंतर्गत ओवर-14 आयु वर्ग में विद्यालय के आदित्य कुड़ियल, नितिन कलूड़ा एवं सागर ने चयन हासिल किया है।
प्रतियोगिता में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन से बनाई जगह
विद्यालय के छह छात्रों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन करते हुए चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की। इन खिलाड़ियों के चयन को विद्यालय की खेल गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रधानाचार्य विजय बडोनी ने कहा कि विद्यालय के छात्र शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया।
जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं
छह खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।



