जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 50 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
लंबित मामलों पर जिलाधिकारी सख्त, अधिकारियों को कैंप लगाकर त्वरित समाधान के निर्देश

टिहरी, 10 अगस्त(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 50 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आवश्यकता के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में कैंप आयोजित कर समस्याओं का समाधान करें, ताकि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
सड़क, मुआवजा, पेंशन और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख
जनता मिलन में सड़क निर्माण एवं सड़क कटान से प्रभावित भूमि के दबान का मुआवजा, पेंशन, विद्युत पोल, पेयजल, पुनर्वास मुआवजा, आधार कार्ड, सीएससी सेंटर, आवास और सोलर लाइट सहित विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इससे न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा भी की। उन्होंने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, कृषि, राजस्व, वन, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबे समय से लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
चीड़ के पेड़ों से भवन को खतरे की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
ग्राम साबली मल्ली, रानीचौरी निवासी बिजलदास ने बताया कि उनके भवन के समीप स्थित चीड़ के दो बड़े पेड़ों से आंधी-तूफान के दौरान भवन एवं जान-माल को नुकसान की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पेड़ों के पातन की अनुमति दिए जाने का अनुरोध किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को मौके का आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बटखेम मोटर मार्ग की स्वीकृति के बावजूद कार्रवाई लंबित
विकासखंड चंबा के ग्राम बटखेम की ग्राम प्रधान मंजू देवी ने बताया कि गांव के लिए मोटर मार्ग की स्वीकृति पूर्व में हो चुकी है, लेकिन पीएमजीएसवाई की ओर से अभी तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है।
इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई चंबा के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण करने तथा वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित कार्रवाई नियमानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधवा पेंशन प्रकरण में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ग्राम सारपूल, घनसाली निवासी मंजू देवी ने विधवा पेंशन से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार पेंशन स्वीकृति की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क कटान से प्रभावित लोगों के लंबित मुआवजे के लिए कैंप लगाने के निर्देश
दिखोलगांव की सुषमा देवी, भेंतला प्रतापनगर के खुशाल सिंह तथा वेरनी छोटी के विशालमणि ने सड़क कटान के बाद भूमि दबान, फसल, फलदार पेड़ों और गूलों को हुए नुकसान के प्रतिकर की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए निर्माणदायी संस्थाओं से कहा कि सड़क कटान एवं दबान से प्रभावित लोगों के लंबित प्रतिकर मामलों का कैंप लगाकर निस्तारण किया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर राहत मिल सके।
बीपीएल राशन कार्ड से लेकर जंगली जानवरों और स्वास्थ्य सुविधाओं तक उठे मुद्दे
विकासखंड देवप्रयाग के गुड्डा सिंह कठैत ने बीपीएल राशन कार्ड में अनियमितता, जंगली जानवरों के आतंक, बाहरी राज्यों से आए लोगों के पुलिस सत्यापन, स्यूटा-दासोली क्षेत्र के राजकीय अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार तथा खराब पड़े हैंडपंपों की समस्या उठाई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से जनपद में कुल हैंडपंपों की संख्या, उनमें से सक्रिय एवं खराब हैंडपंपों की स्थिति तथा मरम्मत योग्य हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
विद्युत कर्मियों के वेतन और प्रतापनगर की सड़कों का मुद्दा भी उठा
चंबा विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत ठेकेदार द्वारा लाइनमैन एवं अन्य कार्मिकों को वेतन नहीं दिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीओ चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं प्रतापनगर क्षेत्र में सड़कों की स्थिति का मामला भी जनता मिलन में उठाया गया। बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज की गई है तो संबंधित पक्ष से नियमानुसार वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य विधिवत शुरू किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को बरसात के मद्देनजर टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके।
अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




