



ऋषिकेश, 20 अगस्त(दिलीप शर्मा): भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सम्मानित लोगों को पटका व माला पहनाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि अक्षय ऊर्जा वर्तमान समय की आवश्यकता होने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को भी पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के लिए अक्षय ऊर्जा को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करना आवश्यक है। स्वच्छ और हरित ऊर्जा को अपनाने से प्रदूषण कम करने के साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
ऊर्जा क्षेत्र में योगदान के लिए किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान श्री गणेश इंटरप्राइजेज, गुमानीवाला के संदीप सुरियाल, टाटा सोल्यूशन, आवास विकास के आशीष भारद्वाज तथा टेक्नोलॉजी सोल्यूशन, काली की ढाल के राहुल भारद्वाज को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, भट्टोंवाला उपप्रधान रविंद्र रमोला, अरविंद चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





