उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

14 बीघा में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा, करीब 12 पेटी देशी-अंग्रेजी शराब पकड़ी

वार्ड संख्या 06 में स्थानीय महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री का किया विरोध, मौके पर पहुंचीं नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवाण

 

मुनिकीरेती-ढालवाला(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के वार्ड संख्या 06 स्थित 14 बीघा क्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से देशी एवं अंग्रेजी शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर मौके पर पहुंचते हुए अवैध शराब की बिक्री का विरोध किया और करीब 12 पेटी शराब पकड़े जाने की सूचना है।

 

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र के सामाजिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

 

मौके पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजलवाण भी पहुंचीं और स्थानीय महिलाओं के साथ स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अंबिका रावत, मीना मंदवाण, अंकिता बहुगुणा, बबीता रमोला, संदीप भंडारी, सुरेंद्र नेगी, अजय रमोला एवं स्वाति पोखरियाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।

 

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

बताया गया कि मौके पर पकड़ी गई शराब में देशी और अंग्रेजी शराब की करीब 12 पेटियां शामिल हैं। मामले में संबंधित विभाग एवं पुलिस की कार्रवाई के बाद ही शराब की वास्तविक मात्रा, स्रोत और बिक्री से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

स्थानीय महिलाओं के इस कदम से क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सामूहिक आवाज उठाने का संदेश गया है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button