कुंभ से पहले स्मार्ट बनेगा मुनिकीरेती-ढालवाला, विकास योजनाओं ने पकड़ी रफ्तार
142 करोड़ की लागत से सीवर नेटवर्क, रामझूला तक स्काई लिफ्ट और सुमन पार्क बनेगा इको पार्क; चंद्रभागा पर नया एलिवेटेड पुल बनाने की तैयारी




मुनिकीरेती-ढालवाला 2 सितंबर(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र को स्मार्ट और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कवायद अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। आगामी कुंभ मेले से पहले पालिका क्षेत्र में बिजली, सीवर, जल निकासी, पार्किंग, पर्यटन सुविधाओं और सड़क-पुलों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को पूरा करने की तैयारी है। इसी क्रम में बुधवार को निकाय सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रस्तावित कार्यों की प्रगति और कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने तथा निर्माण के दौरान आमजन को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ से पहले क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करना प्राथमिकता है।
भूमिगत होगी 33 केवी बिजली लाइन, हटेंगे विद्युत पोल
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इसी माह पालिका क्षेत्र में 33 केवी की भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। भूमिगत लाइन बिछने के बाद क्षेत्र में लगे विद्युत पोलों को हटाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि भूमिगत लाइन बिछाने के दौरान जनसुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन जितनी सड़क या मार्ग की खुदाई की जाए, उतने ही हिस्से में उसी दिन भरान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़कों से नीचे बने सीवर मेनहोल होंगे दुरुस्त
बैठक में सीवर मेनहोलों की स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पालिकाध्यक्ष ने सड़कों के स्तर से नीचे बने तथा क्षतिग्रस्त मेनहोलों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे मेनहोलों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने सीवर विभाग के अधिकारियों को पूरे निकाय क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मेनहोलों की मरम्मत कराने और सड़क से नीचे बने मेनहोलों को सड़क के समतल करने के निर्देश दिए।
कुंभ से पहले जल निकासी व्यवस्था होगी मजबूत
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में जल निकासी से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शेष कार्यों में गंगा रिजार्ट से पशुपालन विभाग तक तथा सुमन पार्क, ढालवाला के समीप जल निकासी की व्यवस्था को कुंभ से पहले पूरा करने की योजना है।
142 करोड़ से बिछेगा सीवर नेटवर्क, हर घर को मिलेगा कनेक्शन
बैठक में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अधिकारियों ने बताया कि मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका क्षेत्र में करीब 142 करोड़ रुपये की लागत से सीवर नेटवर्क विकसित किया जाएगा। योजना के तहत क्षेत्र को छह जोन में बांटकर प्रत्येक घर को सीवर कनेक्टिविटी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना के पूरा होने के बाद नगर क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पार्किंग से रामझूला तक पहुंचेगी स्काई लिफ्ट
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुट्टी माता पार्किंग से रामझूला पुल तक पहुंचने के लिए स्काई लिफ्ट विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। यूयूएसडीए अधिकारियों ने बैठक में योजना का प्रस्तुतिकरण करते हुए बताया कि इसके तहत कुट्टी माता पार्किंग का रिमॉडलिंग कार्य किया जाएगा।
पार्किंग में प्रवेश और निकास की बेहतर व्यवस्था के साथ विभिन्न जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्किंग से स्काई लिफ्ट के माध्यम से रामझूला की ओर पहुंचने की सुविधा होगी। इसके बाद पैदल मार्ग से पर्यटक पुल तक पहुंच सकेंगे। इससे क्षेत्र में पार्किंग और पर्यटकों के आवागमन की समस्या को काफी हद तक दूर करने में मदद मिल सकती है।
सुमन पार्क बनेगा इको पार्क, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
ढालवाला स्थित सुमन पार्क को आधुनिक इको पार्क के रूप में विकसित करने की भी योजना है। यूयूएसडीए अधिकारियों के अनुसार पार्क में पार्किंग, खान-पान की सुविधा, जॉगिंग ट्रैक, योगा पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने पार्क को आकर्षक बनाने के लिए यहां जुरासिक पार्क की तर्ज पर रचनात्मक एवं मनोरंजक स्वरूप विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे यह स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सके।
चंद्रभागा पर बनेगा नया एलिवेटेड मोटर पुल
ढालवाला बाईपास में चंद्रभागा नदी पर बने पुराने मोटर पुल को भी अपग्रेड करने की तैयारी है। यूयूएसडीए अधिकारियों ने बताया कि चंद्रभागा नदी में कई बार बाढ़ आने के दौरान पानी का प्रवाह पुल के ऊपर से होने के कारण वर्तमान पुल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। साथ ही पुल की चौड़ाई भी कम है।
योजना के तहत पुराने पुल के समीप नया एलिवेटेड मोटर पुल बनाया जाएगा। नए पुल के निर्माण के बाद पुराने मोटर पुल को ध्वस्त किया जाएगा। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ बरसात और बाढ़ के दौरान आवागमन को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
विभागों के बीच समन्वय पर जोर
बैठक में पालिका अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में होने वाले सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में एई सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, जेई एनएच श्रीनगर संदीप, एसडीओ मुनिकीरेती एमएस नेगी, जेई यूपीसीएल देवेश अवस्थी, पंकज काला, जेई जल संस्थान प्रमोद हटवाल तथा यूयूएसडीए के अधिकारी मौजूद रहे।





