उत्तराखंडऋषिकेशश्रद्धांजलि

मसूरी गोलीकांड के अमर शहीदों को नगर निगम ऋषिकेश में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

राज्य आंदोलन के शहीदों के त्याग और बलिदान को किया नमन, महापौर शम्भू पासवान ने कहा—शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

ऋषिकेश, 2 सितंबर(दिलीप शर्मा): पृथक उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान 2 सितंबर 1994 को हुए मसूरी गोलीकांड में शहीद हुए वीर आंदोलनकारियों की स्मृति में बुधवार को नगर निगम ऋषिकेश परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर शम्भू पासवान ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्ष, त्याग एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि 2 सितंबर 1994 को मसूरी में पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे आंदोलनकारियों पर हुआ गोलीकांड राज्य आंदोलन के इतिहास का एक बेहद दुखद अध्याय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में वीर आंदोलनकारियों के साथ मातृशक्ति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प

महापौर ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने अमर शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखेगी। शहीदों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित, आत्मनिर्भर और जनकल्याणकारी उत्तराखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों, आदर्शों और शहीदों के सपनों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष की बदौलत उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला है। ऐसे में नई पीढ़ी को भी राज्य आंदोलन के इतिहास और उसमें दिए गए बलिदानों से अवगत कराना आवश्यक है।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती उषा रावत ने की, जबकि मंचव संचालन हुकम पोखरियाल ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मसूरी गोलीकांड के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में संजय शास्त्री, बलबीर सिंह नेगी, गम्भीर मेवाड़, कुसुमलता शर्मा, रमेश रतूड़ी, आशुतोष डंगवाल, एच.एन. चंद, लक्ष्मी बुड़ाकोटी, शीला ध्यानी, जयंती नेगी, शकुंतला नेगी, मंजू गैरोला, सावन रमोला, विशम्भर दत्त डोभाल, सुनीता सकलानी, रीना शर्मा और सरोजनी थपलियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button