उत्तराखंडऋषिकेशशिष्टाचार भेंट

डोईवाला के नवनियुक्त बीडीओ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट

ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों के बेहतर समन्वय पर दिया जोर

ऋषिकेश, 5 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): डोईवाला ब्लॉक में पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेंद्र सिंह बिष्ट ने सोमवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच डोईवाला ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने राजेंद्र सिंह बिष्ट को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्लॉक ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने में खंड विकास कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं को समझते हुए विकास योजनाओं को गति देने और शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त बीडीओ राजेंद्र सिंह बिष्ट अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, तत्परता और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

शिष्टाचार भेंट के दौरान डोईवाला ब्लॉक क्षेत्र में प्रस्तावित एवं संचालित विभिन्न विकास कार्यों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Related Articles

Back to top button