जनसुनवाई में 56 शिकायतें, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन और मुआवजे से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश




टिहरी गढ़वाल, 5 अक्टूबर(दिलीप शर्मा):कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन, रोजगार और मुआवजे समेत विभिन्न मामलों से संबंधित 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। सीडीओ ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने भालू के खतरे से सुरक्षा, सौर ऊर्जा लाइट और क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की मरम्मत, विधवा पेंशन व रोजगार, विद्युत पोल हटाने, राशन कार्ड व गैस कनेक्शन अलग कराने, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालय मार्ग की मरम्मत तथा सड़क डामरीकरण जैसी समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।





