उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

कुंजापुरी मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

सेफ्टी ऑडिट और क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष जोर, सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश

नरेंद्र नगर/टिहरी 06 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): आगामी कुंजापुरी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल और एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने मंगलवार को मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने झंडारोहण स्थल, झांकियों के लिए निर्धारित स्थान, स्टॉल लगाने के स्थल समेत मेला परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने पुलिस, फायर और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित कर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण कर संभावित कमियों को समय रहते दूर किया जाए।

भीड़ प्रबंधन और प्रवेश-निकास व्यवस्था पर रहेगी विशेष नजर

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को मेले के दौरान क्राउड मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। भीड़ के दबाव की स्थिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button