



ऋषिकेश, 6 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): चन्द्रेश्वर नगर की गली नंबर 22 में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फोल्डिंग चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को चन्द्रेश्वर नगर निवासी स्वाति सिंह ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उसके भाई योगेश सिंह पर 4 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे गली नंबर 22 में अर्पित पुत्र लालचन्द निवासी चन्द्रेश्वर नगर ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 511/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान 5 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चन्द्रेश्वर नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी अर्पित (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ।
चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 25/4(1-B)(B) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपी अर्पित ने बताया कि 4 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे गली नंबर 22 चन्द्रेश्वर नगर में उसका योगेश और उसके दोस्तों के साथ विवाद हो गया था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने योगेश पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
अर्पित पुत्र लालचन्द, निवासी गली नंबर 22, चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, जनपद देहरादून, उम्र 19 वर्ष।
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त एक फोल्डिंग चाकू।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह पंवार
- कांस्टेबल 161 विनीत कुमार





