



ऋषिकेश, 06 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने मंगलवार को क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सड़क खुदाई से पहले स्थानीय नागरिकों को अनिवार्य रूप से सूचना देने, निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात और आवागमन सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए हैं, इसलिए निर्माण के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।





