उत्तराखंडऋषिकेशदुर्गा पूजा

श्री दुर्गा शक्ति मंदिर में 11 अक्टूबर से शुरू होगा शारदीय नवरात्र महोत्सव

कलश स्थापना के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ, प्रतिदिन होगी मां की चौकी; स्वर्ण-रजत आभूषणों से होगा मां दुर्गा का दिव्य श्रृंगार

ऋषिकेश, 6 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): श्री दुर्गा शक्ति मंदिर समिति की बैठक मंगलवार को मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी शारदीय नवरात्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र महोत्सव धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू होगा।

महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को सुबह 8 बजे कलश स्थापना के साथ किया जाएगा। नवरात्र के नौ दिनों के दौरान मंदिर में प्रतिदिन देवी मां की चौकी का आयोजन होगा। समिति के अनुसार मां की चौकी भक्तों के लिए पूर्णतः निष्काम सेवा के रूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें कोई भी श्रद्धालु चौकी का आयोजन करा सकेगा।

नवरात्र महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों पर विशेष पुष्प सज्जा की जाएगी। इसके साथ ही मां दुर्गा का स्वर्ण एवं रजत आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। नवरात्र के दौरान मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों और मां के दर्शन का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों के माध्यम से भी किया जाएगा।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्र महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में मंदिर समिति अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा, महामंत्री पंडित ज्योति शर्मा, सतीश कक्कड़, विनोद टोंक, चंद्र भाटिया, राजेश रावल, जितेंद्र आनंद, पंकज चावला, अमृतलाल नागपाल, अजय ब्रेजा, रमन नारंग, डॉ. विजय जेटली, नरेश अरोड़ा एवं ललित कुमार भाटिया सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button