तहसील दिवस में गूंजी जनसमस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
सड़क, पेयजल निकासी, आपदा मुआवजा, सिंचाई गूल और विद्यालय भवन से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं; संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश




नरेंद्र नगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को नरेंद्रनगर तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा, सिंचाई गूल, संपर्क मार्ग और विद्यालय भवन जैसी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
आगराखाल-कुशरेला मोटर मार्ग पर जलभराव की समस्या
पूर्व प्रधान सल्डोगी धनवीर सिंह भण्डारी ने बताया कि आगराखाल-कुशरेला मोटर मार्ग पर कई आवासीय भवन सड़क के सामने स्थित हैं। सड़क गहरी होने के कारण बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में नालियां बंद होने के कारण बारिश का पानी घरों की ओर घुस जाता है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि नरेंद्रनगर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आपदा से क्षतिग्रस्त मकान के मुआवजे की मांग
ग्राम डौंर निवासी बिरेन्द्र सिंह भण्डारी ने विगत वर्ष आई आपदा में मकान को हुए नुकसान के एवज में मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले में तहसीलदार नरेंद्रनगर को जांच कर आवश्यक पत्रावली तैयार करने तथा आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सिंचाई गूल क्षतिग्रस्त होने से फसल बुवाई पर संकट
ग्राम खार्की के पूर्व प्रधान धर्म सिंह ने सिंचाई गूल के पुस्ते टूटने और विभिन्न स्थानों पर गूल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। उन्होंने कहा कि गूल की खराब स्थिति के कारण आगामी फसल की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग को समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नरेंद्रनगर-तलाई मार्ग पर झाड़ियों और क्षतिग्रस्त सड़क की शिकायत
ग्राम तलाई निवासी सुरेंद्र सिंह भण्डारी ने नरेंद्रनगर-तलाई मोटर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने तथा सड़क किनारे झाड़ियां उग आने के कारण आवागमन में हो रही परेशानी से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खराब संपर्क मार्ग और जर्जर विद्यालय भवन का मामला भी उठा
ग्राम डौंर निवासी होशियार सिंह कैंतुरा ने गांव के संपर्क मार्ग और आंतरिक रास्तों की खराब स्थिति का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि मार्गों की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही गांव के विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने विद्यालय भवन की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों की प्राथमिकता तय करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर नरेंद्रनगर ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल, अधिशाषी अभियंता पेय जल निगम मुनिकीरेती प्रवीण शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






