उत्तराखंडक्राइमटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

WhatsApp पर APK फाइल भेजकर ₹4.40 लाख की साइबर ठगी, गुजरात से शातिर ठग गिरफ्तार

RTO चालान के नाम पर भेजता था फर्जी APK, मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंक खाते से उड़ाई रकम; टिहरी पुलिस की साइबर सेल की कार्रवाई

 

टिहरी/मुनिकीरेत(दिलीप शर्मा):टिहरी पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए गुजरात के अहमदाबाद से एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर RTO चालान के नाम पर WhatsApp के जरिए APK फाइल भेजकर पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और बैंक खाते से ₹4.40 लाख की धनराशि ट्रांसफर करने का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी को अहमदाबाद से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, ढालवाला, मुनिकीरेती निवासी नरेशचंद्र रमोला ने थाना मुनिकीरेती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त 2025 को उनके WhatsApp पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने RTO चालान के नाम पर एक APK फाइल भेजी। उन्होंने फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से ₹4,40,000 की धनराशि निकल गई।

शिकायत के आधार पर थाना मुनिकीरेती में मु0अ0सं0-75/2025, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना साइबर सेल में तैनात उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल को सौंपी गई।

तकनीकी जांच में सामने आया आरोपी का नेटवर्क

विवेचना के दौरान साइबर सेल ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, WhatsApp कॉल और बैंक खातों की तकनीकी जानकारी जुटाई। साइबर तकनीक एवं सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए उसके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया।

इसके बाद एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना मुनिकीरेती से विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी को ट्रेस किया। 7 अक्टूबर 2026 को अहमदाबाद, गुजरात से पटेल कुणाल दिनेशभाई (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।

APK डाउनलोड करते ही हासिल कर लेता था मोबाइल का एक्सेस

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल तैयार कर लोगों को WhatsApp के माध्यम से भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड करता, आरोपी को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद वह मोबाइल में मौजूद बैंकिंग संबंधी जानकारी का दुरुपयोग कर पीड़ित के बैंक खाते से रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देता था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल — साइबर सेल, विवेचक
  • अपर उपनिरीक्षक हरिमोहन — थाना मुनिकीरेती
  • हेड कांस्टेबल 117 धर्मपाल — थाना मुनिकीरेती

पुलिस की अपील—WhatsApp पर आने वाली APK फाइल से रहें सावधान

टिहरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि RTO चालान, KYC अपडेट, बिजली बिल, बैंक अपडेट या अन्य किसी सरकारी/वित्तीय सेवा के नाम पर WhatsApp अथवा SMS से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड न करें। अनजान APK या लिंक के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंक खातों से रकम निकाल सकते हैं।

साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और संबंधित बैंक को सूचना देने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button