मुख्यमंत्री ट्रॉफी बेसबॉल चैंपियनशिप में टिहरी का शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 बालक वर्ग में टिहरी ने जीता स्वर्ण, अंडर-19 में रजत पदक हासिल कर बढ़ाया जनपद का गौरव




टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री ट्रॉफी राज्य स्तरीय बेसबॉल चैंपियनशिप में जनपद टिहरी गढ़वाल की टीमों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दोहरी सफलता हासिल की है। प्रतियोगिता में टिहरी की टीम ने अंडर-14 बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अंडर-19 वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता।

अंडर-14 बालक वर्ग में टिहरी के खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
दोनों वर्गों में मिली इस उपलब्धि से जनपद के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल उनकी प्रतिभा को साबित किया, बल्कि जनपद टिहरी गढ़वाल का नाम भी राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इस दोहरी सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई दी गई। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि टिहरी के युवा खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करेंगे।





